बरोटीवाला कालेज में एनएसएस शिविर का समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करते हुए एनएसएस के स्वयं
राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला में सात दिवसीय एनएसएस शिविर का रंगारंग समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। राजकीय महाविद्यालय बरोटीवाला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर हिमाचली नाटी और गिद्धा की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से नारी शक्ति विषय पर आधारित नाटकों के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके सशक्तीकरण पर बल दिया गया। समारोह में स्वयंसेवकों ने अपनी प्रतिभा और सेवा भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अनुपमा पाठक ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। समारोह में बरोटीवाला पंचायत के प्रधान हंसराज कैंथ और पीटीए अध्यक्ष कंचन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समापन समारोह के दौरान स्वयंसेवकों ने एनएसएस थीम गीत और योग प्रदर्शन के साथ अपनी ऊर्जा का परिचय दिया। स्वयंसेवकों ने शिविर के दौरान प्राप्त अनुभवों को भी साझा किया। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. कृष्ण प्रकाश ने सात दिनों तक चली विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों और स्वयंसेवकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।