कोंडी गांव के एक दर्जन परिवार झेल रहे हैं परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी थाने के तहत कोंडी गांव के लोगों ने एक सेवानिवृत्त अधिकारी पर गांव के एक दर्जन लोगों का पानी रोकने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने इस बारे में पंचायत प्रधान, जलशक्ति विभाग के कर्मचारियों को मौका दिखाया। वहीं पीड़ितों ने पुलिस को शिकायत पत्र सौंपा है।
मौके पर आई पंचायत प्रधान नीलम चौधरी ने बताया कि सेवानिवृत्त अधिकारी ने अपने घर के साथ गली में एक दर्जन लोगों को जाने वाली पेयजल लाइन को हथौड़ा मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया है, जिससे लोगों का पानी बंद हो गया है। लोगों को गर्मी में पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। पीड़ित व्यक्ति गीता राम ने बताया कि इस बारे में उन्होंने पुलिस थाने बद्दी में भी शिकायत दी है।
शिकायती पत्र में उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले उक्त व्यक्ति ने उनकी ओर आने वाले पाइप लाइन को तोड़ दिया है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के सुपरवाइजर को भी मौका दिखाया है। उन्होंने रविवार को पाइप लाइन ठीक कराने का आश्वासन दिया है। उधर, थाना प्रभारी राकेश राय ने बताया कि उनके पास शिकायत आई है जिसकी जांच की जा रही है।