बद्दी, नालागढ़ और मानपुरा पुलिस ने की कार्रवाई
न्यायालय में आगामी कार्रवाई के लिए भेजे गए सभी मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। थाना नालगढ़, बद्दी और मानपुरा की पुलिस टीमों ने अवैध खनन में संलिप्त खनन माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी, दो टिपर और तीन ट्रैक्टरों को खनन अधिनियम के तहत जब्त किया है। अवैध खनन में संलिप्त उक्त सभी वाहनों के चालान करके आगामी कार्रवाई के लिए न्यायालय को प्रेषित किए गए हैं। इसमें थाना नालागढ़ के तहत एक जेसीबी और तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है, जबकि बद्दी व पुलिस थाना मानपुरा के तहत 1-1 टिपर को जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार धीमान ने बताया कि भविष्य में भी अवैध खनन में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अवैध खनन जैसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाना को दें ताकि इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध छेड़े गए अभियान को और मजबूती मिले।