बद्दी (सोलन)। रोटरी क्लब बद्दी ने बालिकाओं के लिए विशेष कैंसर रोधी वैक्सीनेशन अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण करना और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाना था। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बालिकाओं, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों को सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते जोखिम, इसके प्रारंभिक लक्षणों और समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी। बताया कि एचपीवी वैक्सीन एक प्रभावी और सुरक्षित उपाय है, जो भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। रोटरी क्लब बद्दी के पदाधिकारियों जगदीप सिंह अरोड़ा व कार्तिक शर्मा ने बताया कि यह अभियान क्लब की निरंतर चल रही जनहितकारी पहलुओं का हिस्सा है।