धर्मपुर(सोलन)। धर्मपुर-गढ़खल मुख्य सड़क पर आगामी तीन दिनाें में वाहनों की आवाजाही शुरू होगी। लोक निर्माण विभाग की ओर से तीन दिन में सड़क सुचारू करने का दावा किया जा रहा है। इन दिनों तेजी से कार्यहो रहा है। इसी के साथ पहाड़ी को काटने का कार्य किया जा रहा है। अब यहां पर सड़क को समतल करने के बाद आगे का कार्य किया जाएगा। जिसे आगामी एक-दो दिन में लोक निर्माण विभाग पूरा कर देगा।
गौर रहे कि धर्मपुर-गढ़खल मुख्य सड़क कसौली चौक से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क ढह गई थी। इस कारण इस सड़क पर आवाजाही पर पूरी तरह से ब्रेक लग गया था। वहीं छोटी-बड़ी गाड़ियाें को सुक्की जोहड़ी-गढ़खल सड़क पर डायवर्ट किया गया था। लेकिन तीन दिन हुई मूसलाधार बारिश के बाद इस सड़क के भी धंस जाने की आशंका बन गई है। जिसे लेकर यहां से केवल छोटे वाहन ही आ जा रहे है। वहीं लोगों को धर्मपुर तक पहुंचाने का कार्य निजी बसों की ओर से किया जा रहा है। निजी बसें ढही सड़क से 100 मीटर गढ़खल की ओर छोड़ती हैं। इसके बाद लोग पैदल चलकर दूसरी ओर आते हैं। इसी तरह कसौली चौक पर बस कसौली को जाने वाली सवारियां छोड़ देती हैं। लेकिन अब जल्द ही कसौली को धर्मपुर से सीधी आवाजाही भी शुरू हो जाएगी। मुख्य सड़क को ठीक करने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 15 लाख रुपये से कार्य किया जा रहा है। मौके पर ठेकेदार की मशीनरी और टीम कार्य कर रही है।
उधर, अधिशासी अभियंता रंजन गुप्ता ने बताया कि मौके पर ठेकेदार मशीन से पहाड़ को काट रहा है। ठेकेदार को आदेश दिए गए हैं कि अगर मौसम बाधा न बनें तो सड़क पर तीन दिन में यातायात बहाल कर दिया जाएगा। इसके बाद पहाड़ को रोकने के लिए डंगा व टारिंग कार्य भी किया जाएगा।