बद्दी (सोलन)। बद्दी-साई मार्ग पर खड़ी पांच गाड़ियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पीड़ित वाहन चालकों ने इसकी सूचना बद्दी पुलिस को दी। बद्दी पुलिस भी अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि किस वाहन ने गाड़ियों की यह दुर्दशा की है। बद्दी-साई मार्ग पर हरविंद्र सिंह समेत पांच लोगों ने अपने गाड़ियों को खड़ा किया हुआ था।
मध्य रात्रि साढ़े 11 बजे तक सभी गाड़ियां सुरक्षित थीं लेकिन सुबह जब लोग उठे तो सड़क किनारे खड़ी सभी गाड़ियां क्षतिग्रस्त पाई गईं। तीन गाड़ियां ज्यादा क्षतिग्रस्त हुई हैं। बद्दी में किराए के मकान में रहने वाले हरविंद्र सिंह ने बताया कि मध्य रात्रि के करीब उसने अपनी गाड़ी यहां पर खड़ी की लेकिन सुबह सभी गाड़ियां क्षतिग्रस्त पाई गईं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीएसपी नवदीप सिंह ने पांच गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने की पुष्टि कर कहा कि सीसीटीवी फुटेज से जांच जारी है।