सोलन। कालका-शिमला एनएच-5 पर कुमारहट्टी फ्लाईओवर के बाद सपरून चौक पर अंडरपास ब्रिज निर्माण कार्य जाम का कारण बनता जा रहा है। रोज यहां पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। अधिकतर वाहनों का हुजूम वीकेंड पर उमड़ रहा है।
इस रविवार को भी सपरून चौक के दोनों तरफ वाहनों की कतारें देखने को मिली। इस दौरान अधिकतर कतारें शिमला से कालका की तरफ जाने वाले वाहनों की लगी रहीं। चौक पर दिन भर रेंग-रेंग कर वाहनों की आवाजाही होती रही। हालांकि, सपरून चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा लेकिन शनिवार-रविवार को उन्हें खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सपरून चौक पर इन दिनों फोरलेन निर्माता कंपनी कार्य कर रही है। यहां पर अंडरपास निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए सिस्टम में बदलाव किया है। इसके अनुसार लगभग 200 मीटर तक एक लेन से वाहनों को आने-जाने की व्यवस्था की गई है।
इस पेच से पहले दोनों तरफ सड़क को फोरलेन में बदला जा चुका है। जैसे ही वाहन इस पेच पर आते हैं तो वाहनों की गति कम हो जाती है। शनिवार को देर शाम तक इसी प्रकार का हाल देखने को मिला है और देर शाम तक वाहन कछुआ चाल चले हैं। उधर, डीएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि वीकेंड पर वाहनों की अधिक आवाजाही हुई है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।
सड़क भी संकरी
सपरून चौक पर फोरलेन निर्माण कार्य को लेकर पहाड़ की कटिंग की गई है। बारिश के बाद से पहाड़ी से मलबा भी सड़क पर आने का खतरा मंडरा रहा है। इसे देखते हुए पहाड़ी की तरफ बैरिकेड लगाए हैं जिस कारण सड़क संकरी हो गई है। आगामी दिनों में अंडरपास ब्रिज के एक छोर पर शहर की ओर आने वाले वाहनों की आवाजाही भी शुरू होगी।