क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में रोजाना 5 से 6 मरीज आ रहे पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया है अलर्ट, साफ पानी पीने की दी सलाह
अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में 7 मरीजों को किया गया है भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में एक ओर जहां वायरल के मरीज बढ़ने लगे हैं, वहीं इनमें से टाइफाइड के मरीज भी सामने आने लगे हैं। इनकी संख्या भी हर दिन बढ़ती जा रही है। मरीज तेज बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं, जहां उनमें टाइफाइड होने की समस्याएं सामने आ रही है। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की मेडिसिन ओपीडी में रोजाना 100 से अधिक मरीज अब भी बुखार होने की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं, इनमें से अधिकतर को वायरल और कुछ में टाइफाइड पॉजिटिव पाया जा रहा है।
इसके देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सोलन की ओर से मरीजों के लिए एडवाइजरी और अस्पतालों में अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं मरीजों को साफ पानी पीने और बारिश में भीगने से बचने की सलाह दी जा रही है। साथ ही बाहर के खाने और फास्टफूड का कम सेवन करने की सलाह भी दी जा रही है। सोलन अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भी अभी के समय में करीब 7 से 8 मरीजों को टाइफाइड होने के कारण ही एडमिट किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को मरीजों की सेहत पर हर समय नजर रखने के लिए कहा गया है। वहीं मामले बढ़ने पर विभाग को तुरंत सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अस्पतालों में दवाओं का स्टॉक पूरा रखने और जरूरत पड़ने पर अलग वार्ड तैयार करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
टाइफाइड होने के कारण
गंदा या दूषित पानी पीने से
खुले में रखा या बासी खाना खाने से
गंदी जगह पर बैठने के बाद बिना हाथ धोए खाना खाने से
मक्खियों के खाने पर बैठने से
संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से टाइफाइड होता है।
इनसेट
टाइफाइड के लक्षण व बचाव
टाइफाइड होने के एक से दो सप्ताह बाद इसके लक्षण दिखने लगते हैं। इसमें पहले शरीर में तेज बुखार होता है, जोकि 104 तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही पेट में तेज दर्द होता है और काफी कमजोरी महसूस होने लगती है। वहीं इसमें सिर दर्द के साथ तेज बदन दर्द भी हो सकता है। इससे बचने के लिए बारिश के समय भीगने से बचना चाहिए। पानी को उबाल कर पीना चाहिए और बाहर की चीजों को खाने से बचना चाहिए। इसके अलावा लक्षण दिखने पर डॉक्टरों की सलाह लेकर जल्द से जल्द उपचार शुरू करवाना चाहिए।
कोट
अस्पताल में बुखार की समस्या लेकर पहुंच रहे मरीजों में से कुछ में टाइफाइड के लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल समय में 7 से 8 मरीजों को वार्ड में एडमिट किया गया है। उनकी देखरेख हर समय की जा रही है। - डॉ. तरुण शास्त्री, मेडिसिन विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन
कोट
टाइफाइड के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई है। अस्पताल में दवाओं का स्टॉक मंगवाया जा रहा है। इसके अलावा लोगों को भी डॉक्टरों की ओर से बचाव के लिए जरूरी सलाह दी जा रही है। - डॉ. राकेश पंवार, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन