पुलिस ने गुप्त सूचना पर टोल प्लाजा सनवारा में की कार्रवाई
दोनों आरोपियों पर शिमला थाने में दर्ज हैं चिट्टे के मामले
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। कालका-शिमला एनएच पर टोल प्लाजा सनवारा के समीप पुलिस ने शिमला के दो युवकों से 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार धर्मपुर थाना पुलिस टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक बाइक पर सोलन की ओर आ रहे हैं। पुलिस ने बाइक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान दानिश निवासी विकासनगर, शिमला और जितेंद्र ठाकुर निवासी ऐरा होम, कुसुम्पटी, शिमला से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। जांच में यह पाया गया कि दोनों आरोपी पहले भी चिट्टा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ पुलिस थाना छोटा शिमला और पुलिस थाना न्यू शिमला में चिट्टा तस्करी के दो मामले पहले दर्ज हैं।