अभी तक 450 कुत्तों की पशुपालन विभाग करवा चुका है नसबंदी,निजी संस्था को दिया है जिम्मा
अब हर मंगलवार को नगर निगम के एबीसी सेंटर में होंगे ऑपरेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में लावारिस कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनसे होने वाली समस्याओं को देखते हुए पशुपालन विभाग और नगर निगम ने एक बड़ा अभियान छेड़ दिया है। नगर निगम और पशुपालन विभाग के संयुक्त प्रयासों से शहर के 2,000 लावारिस कुत्तों की नसबंदी करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान की शुरुआत के साथ ही अब तक 450 कुत्तों की नसबंदी की जा चुकी है। अभियान में तेजी लाने के लिए पशुपालन विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है। अब प्रत्येक मंगलवार को निगम के एबीसी सेंटर में कुत्तों के ऑपरेशन किए जाएंगे। इससे न केवल कुत्तों की संख्या पर लगाम लगेगी, बल्कि भविष्य में रेबीज जैसी बीमारियों के खतरे को भी कम किया जा सकेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट को सुव्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए एक निजी संस्था को जिम्मेदारी दी गई है। यह संस्था कुत्तों को पकड़ने से लेकर उनके ऑपरेशन के बाद की देखभाल तक का जिम्मा संभालेगी। प्रशासन इस कार्य के लिए संस्था को 940 रुपये प्रति कुत्ता के हिसाब से भुगतान कर रहा है। इसमें कुत्ते की डाइट, दवाइयां और उनकी देखरेख का खर्च शामिल है।
कोट
इस अभियान के सफल होने से शहरवासियों को लावारिस कुत्तों के आतंक से बड़ी राहत मिलेगी। हर मंगलवार को एबीसी सेंटर में ऑपरेशन किए जाएंगे। यहां तक कुत्तों को लाने, छोड़ने और देखभाल का जिम्मा एक निजी संस्था को दिया गया है।
विवेक लांबा,उपनिदेशक पशुपालन विभाग, सोलन