अस्पताल प्रशासन के पत्र पर क्रस्ना कंपनी ने तैनात किए कर्मी
अभी तक अस्पताल स्टाफ ही संभाला हुआ था एक्सरे का काम
सोमवार से वीरवार तक एक्सरे कक्ष में होती है अधिक भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में दो रेडियोग्राफर ने पदभार संभाल लिया है। अब अस्पताल में एक्सरे करवाने के लिए मरीजों को अधिक समय तक नहीं बैठना पड़ेगा। कक्ष में दो कर्मचारियों की तैनाती से कार्य में भी तेजी आएगी। यह कर्मचारी क्रस्ना कंपनी की ओर से तैनात किए गए हैं। इससे पहले अस्पताल में तैनात तकनीकी कर्मचारियों ने एक्सरे का कार्य संभाला हुआ था। एक ही कर्मचारी के होने से कक्ष में भीड़ लगी रहती थी। अधिकतर भीड़ सोमवार से वीरवार तक एक्सरे कक्ष में होती है।
इसी के साथ यही कर्मचारी ईसीजी भी करता था। इससे एक्सरे और ईसीजी करवाने के लिए मरीजों की बारी काफी देर बाद आती थी। ऐसे में अस्पताल पहुंच रहे सैकड़ों रोगियों का जहां समय बर्बाद हो रहा था। वहीं उनके उपचार में भी देरी हो रही थी। लेकिन अब मरीजों को दो कर्मचारियों का लाभ मिलेगा और समय पर एक्सरे की फिल्म भी मिल जाया करेगी।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। यहां पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के होने से मरीज दूरदराज क्षेत्र से उपचार के लिए आते हैं। चिकित्सक को मरीज की सही जांच करने के लिए एक्सरे लिखा जाता है। इसके बाद मरीज एक्सरे करवाने के लिए सरकारी लैब में जाते हैं और एक्सरे की सुविधा लेते हैं। लेकिन एक्सरे कक्ष में मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रीय अस्पताल में एक्सरे पीपीई मोड पर होते हैं।
क्रस्ना कंपनी की ओर से अस्पताल में एक्सरे किए जाते हैं। लेकिन कंपनी की ओर से काफी समय से यहां पर कर्मचारी की तैनाती नहीं की गई थी। इसके बाद मरीजों को सुविधा देने के लिए अस्पताल प्रबंधन को ही अपने तकनीशियन यहां पर लगाने पड़े। अब अस्पताल में भी कर्मचारियों की कमी खल रही थी। इसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन की ओर से उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा। इसके बाद उच्चाधिकारियों ने कंपनी प्रबंधक को क्षेत्रीय अस्पताल में कर्मचारियों को तैनात करने के निर्देश दिए।
इनसेट
क्रस्ना कंपनी ने दो रेडियोग्राफर तैनात कर दिए हैं। इन कर्मचारियों ने पदभार संभाल लिया है। मरीजों को अब किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
-डॉ. संदीप जैन
अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन