बरोटीवाला में दुकानदार से मांगी थी 15 लाख रुपये की फिरौती
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। हिम लैंड सिटी मार्केट में दुकानदार से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बरोटीवाला में 3 नवंबर को मामला पंजीकृत किया गया था। पुलिस ने मधाला के कलरावाली से पंकज उर्फ गुल्लू पुत्र श्यामलाल और कैंबावाला निवासी संजीव कुमार उर्फ सैंटी पुत्र वीर चंद को गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता दसोरा निवासी अभिषेक ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उससे फोन पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी जा रही है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। शिकायत के अनुसार दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर उसकी दुकान पर पहुंचे थे। उनके पास पिस्तौल थी। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि आरोपी संजीव कुमार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।