परवाणू के समीप ट्यूशन सेंटर का मामला, गाड़ी में रखे पर्स को लेकर हो गए थे फरार
पुलिस ने शिकायत के पांच घंटों में सफलता की हासिल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। परवाणू के समीप एक गाड़ी से दो युवक पर्स लेकर फरार हो गए थे। मामला 27 जनवरी का है, जिसकी शिकायत महिला ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जिसमें पुलिस ने पांच घंटे में ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पर्स में नगदी समेत आभूषण भी थे। पुलिस जानकारी के अनुसार सेक्टर चार परवाणू निवासी एक महिला परवाणू थाना में शिकायत दी कि वह अपनी कार में अपने बच्चों को ट्यूशन के लिए छोड़ने एसआर अकादमी परवाणू गई थी। गाड़ी सड़क पर खड़ी करके यह अपने बच्चों सहित अकादमी में चली गई। इसका पर्स गाड़ी में ही रह गया था और यह गाड़ी लॉक करना भूल गई। इनके पर्स में सोने व चांदी के कुछ गहने व नकदी रखी थी। जिसकी नकदी सहित कुल कीमत 64,000 रुपये है। जब यह अपनी कार के पास वापस पंहुची तो इसका पर्स कार से गायब था। जिस पर पुलिस थाना परवाणू में उपरोक्त अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। जिनकी पहचान रोशन कुमार निवासी बसरिया तहसील सुपौल जिला दरभंगा बिहार और सचिन कुमार निवासी गांव उम्रगांव जिला बकौन यूपी के रूप में हुई है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चोरी में संलिप्त एक अन्य नाबालिग को परिजनों के हवाले किया गया है। आरोपियों द्वारा चुराए गए गहने व नकदी को भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।