एडीसी सोलन ने जिला स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं का किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के आयोजन का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति नकारात्मक सोच को समाप्त कर समग्र विकास में लड़कियों की उचित भूमिका निर्धारित करना है। राहुल जैन मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। एडीसी ने कहा कि बालिकाएं किसी भी समाज के कल्याण और विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। आज लड़कियां लगभग हर क्षेत्र में कार्यरत हैं और अपनी स्थिति को निरंतर मजबूत कर रही हैं। खेलकूद, राजनीति, सेना सहित विभिन्न क्षेत्रों में बालिकाओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अतिरिक्त उपायुक्त ने इस अवसर पर सभी को राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई दी। इससे पूर्व डॉ. सविता अग्रवाल ने महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल सोलन में वन स्टॉप क्राइसिस सेंटर 24 घंटे अपनी सेवाएं दे रहा है। पीड़ित महिला इस केंद्र पर जाकर सहायता प्राप्त कर सकती है। इस अवसर पर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के तहत हस्ताक्षर पट्ट पर हस्ताक्षर किए गए और बेटियों की सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान नवजात बालिकाओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली बालिकाओं, नारा लेखन व चित्रकला प्रतियोगिता में अव्वल रही छात्राओं और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।