प्रदेश की सबसे बड़ी ट्रक यूनियनों में शुमार ट्रक ऑपरेटर यूनियन नालागढ़ इकाई के चुनाव में विद्यारतन चौधरी को दूसरी बार अध्यक्ष चुना गया। राम सिंह और भाग सिंह चौधरी को उपाध्यक्ष, जगदीश चंद जग्गी को महासचिव, सुरजीत सैणी को सचिव, बीर सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में पिछले वर्ष की कार्यकारिणी को दोबारा काम करने का मौका दिया गया।
ट्रक ऑपरेटर नालगाढ़ के चुनाव नई बिल्डिंग में हुए। चुनाव के लिए लक्ष्मी सिंह को चुनाव का कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान पुरानी कार्यकारिणी की ओर से किए कार्यों की जानकारी दी तथा ट्रक ऑपरेटरों से इसी कार्यकारिणी को दोबारा कार्य करने का मौका देने की बात कही। इस पर सभी ऑपरेटरों ने ध्वनिमत से हाथ खड़े करके पुरानी कार्यकारिणी को दोबारा मौका देने की बात कही। दूसरी बार अध्यक्ष बने विद्यारतन चौधरी ने कहा कि यूनियन का कार्य ईमानदारी से किया जाएगा। किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। पहले आओ पहले पाओ नीति के तहत कार्य होगा। उन्होंने सभी ट्रक संचालकों से एकजुट होने की अपील की है। कहा कि ट्रक संचालक एकजुट होंगे तभी वे किसी कार्य को आसानी से पूरा कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी संचालक उद्योग के साथ अभद्र व्यवहार न करें जिससे ट्रक यूनियन और उद्योगों के बीच खटास पैदा हो। उन्होंने ठेके पर चल रहे ट्रक संचालकों से कहा वह वह इसे बंद कर दें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसने क्या कहा
पूर्व विधायक लखविंद्र राणा ने कहा कि यूनियन को और मजबूत करने के लिए सरकार से सहयोग की बात की जाएगी। नई कार्यकारिणी को और बेहतर करने की अपील की। बद्दी के नप अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने कहा कि पूरे बीबीएन क्षेत्र से इस यूनियन के माध्यम से लोगों के घर का खर्चा चल रहा है। इसलिए इस कार्य को ईमानदारी के साथ करें। उन्होंने अध्यक्ष से कहा कि बद्दी में सड़क से साथ खड़ी होने वाली गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने की मांग की है। इससे जहां दुर्घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है वहीं सड़क पर जाम भी लग रहा है। यूनियन को चाहिए, इसके लिए जमीन खरीदें और ट्रक खड़ा करने के उचित व्यवस्था करें। इससे पूर्व 22 वर्ष तक रहे ट्रक आपरेटर के प्रधान स्व. सरदार ज्ञान सिंह को याद किया गया।
हरभजन सिंह ट्रक ऑपरेटरसोसायटी के प्रधान चुने
इस अवसर पर बद्दी-नालागढ़ ट्रक ऑपरेटर कोआपरेटिव ट्रांसपोर्ट सोसायटी के चुनाव में हरभजन सिंह चौधरी को प्रधान चुना गया। लक्ष्मी चंद की देखरेख में हुए चुनाव में गोपाल सिंह को उपप्रधान देवीशरण खुल्लर को कोषाध्यक्ष चुना गया। इस मौके पर शिरोमणी अकाली दल के सदस्य दलजीत सिंह भिंडर, अवतार सैणी, राजेंद्र झल्ला, जसबीर सैणी, कुलदीप सिंह, हरपाल सिंह, सतनाम सिंह, हरप्रीत सिंह, चरणजीत सिंह, अजीत सिंह, सतविंद्र सिंह, परमजीत सिंह, बलदेव ठाकुर, हरनेक ठाकुर, बेअंत ठाकुर, डीआर चंदेल, दीपू पंडित, लवली कौशल, चमन लाल, रविंद्र गोला, हरबंस सिंह, हरभजन सिंह और सुखदेव सिंह ने भाग लिया