गलोग पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक के गहरी खाई में लुढ़कने से एक की मौत हो गई है। जबकि दो सवार बुरी तरह से घायल हैं। गंभीरावस्था में दोनों को धामी चिकित्सालय लाया गया। जहां से उन्हें आईजीएमसी रेफर कर दिया है। ट्रक में दो भाई सवार थे, जिनमें एक की मौत हो गई है। चालक के खिलाफ पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तीनों ट्रक में सवार होकर शिमला से दाड़लाघाट की तरफ आ रहे थे। एक दिन पहले ही ट्रक में सीमेंट लोड करके गए थे। सीमेंट अनलोड करने के बाद वह वापस देर रात लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर गलोग पेट्रोल पंप के पास खाई में लुढ़क गया। तीनों सवार भी ट्रक के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। जिसमें 18 वर्षीय शशी निवासी कोठीपुरा बिलासपुर ने दम तोड़ दिया। वहीं मृतक के भाई व चालक मुकेश कुमार और सुनील निवासी कोठीपुरा को घायल हालत में ले अस्पताल ले जाने के बाद आईजीएमसी रेफर किया गया।
डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।