समूह लोक गीत, लोक नृत्य को लेकर किया जाएगा चयन, 15 से 29 आयु वर्ष के प्रतिभागी ले सकेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला युवा सेवा एवं खेल कार्यालय सोलन की ओर से 23 नंवबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव को लेकर प्रतिभागियों के ट्रायल होंगे। ट्रायल आईटीआई सभागार में करवाए जाएंगे। इसमें समूह लोक गीत, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता व काव्य लेखन स्पर्धाओं को लेकर ट्रायल होंगे। इस दौरान समूह लोक गीत व लोक नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेने वाली प्रतिभागियों की अधिकतम संख्या 13 होगी। जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी भूपेंद्र वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में सोलन जिला के 15 से 29 आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागियों को 23 नवंबर को आयु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रतियों सहित आईटीआई सोलन के सभागार में सुबह 10:00 बजे पहुंचकर पंजीकरण करवाएं। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 29 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 29 प्रतिभागियों का चयनित प्रतिभागी युवा महोत्सव हेतु किया जाएगा। ये आयोजन जनवरी-2026 में नई दिल्ली में किया जाएगा।