नालागढ़ अस्पताल परिसर में तैयार ट्रामा सेंटर का भवन।
- फोटो : SOLAN
नालागढ़ (सोलन)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ में तैयार ट्रॉमा सेंटर सितंबर माह में जनता को समर्पित कर दिया गया है, लेकिन विडंबना है कि अभी तक ट्रॉमा सेंटर में न तो बिस्तर की कोई व्यवस्था है और न ही अन्य जरूरी उपकरणों की। इतना ही नहीं लगभग तीन माह का समय बीतने को आया है, लेकिन ट्रॉमा सेंटर में अभी तक स्टाफ भी तैनात नहीं हो पाया है।
अस्पताल परिसर में पार्किंग के स्थान पर 61 लाख रुपये से नया ट्रॉमा सेंटर का नया भवन तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने सितंबर माह में नालागढ़ दौरे के दौरान ट्रॉमा सेंटर का लोकार्पण किया था। उस समय आश्वासन दिया था कि जल्द ही यहां पर सभी जरूरी मशीनें और बेड लगा दिए जाएंगे, ताकि मरीजों को सुविधा मिल सके। मगर यह आज तक अधूरा पड़ा है।
क्षेत्र में बीते काफी समय से ट्रॉमा सेंटर की मांग हो रही है। अप्रैल 2013 में कांग्रेस शासन के दौरान तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह द्वारा नालागढ़ में ट्रॉमा सेंटर बनाए जाने की घोषणा की थी, लेकिन उसकी घोषणा कागजों में सिमट कर रह गई। 2017 भाजपा सरकार बनने के बाद तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने यहां ट्रॉमा सेंटर खोले जाने की घोषणा की। उसके पश्चात नालागढ़ में ट्रॉमा सेंटर के लिए गंभीरता से प्रयास हुआ और आखिर नवंबर 2021 में लोक निर्माण विभाग द्वारा भवन निर्माण का कार्य शुरू हुआ। इसी वर्ष 61 लाख की लागत से यहां पर भवन तैयार हुआ। मगर उसके बाद मशीनें और बेड नहीं आए, जिसके चलते भवन एक शोपीस बनकर रह गया है।
ट्रामा सेंटर का भवन तैयार है, लेकिन आवश्यक उपकरण एवं मशीनरी आनी शेष है, जिसकी प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही आवश्यक उपकरण और मशीन स्थापित हो जाएगी। ट्रामा सेंटर को विधिवत रूप से शुरू कर दिया जाएगा।
- डॉ. मुक्ता रस्तोगी, खंड चिकित्सा अधिकारी नालागढ़