कंडक्टर की ट्रेनिंग के साथ अब 3600 रुपये मासिक मेहनताना पाने का मौका है। आप बीपीएल श्रेणी से संबंधित हैं तो आपको 4600 रुपये मिलेंगे। कौशल विकास भत्ता योजना के तहत सोलन एचआरटीसी कार्यालय में आप इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। ढाई माह तक चलने वाली इस ट्रेनिंग को पूरा करने के बाद प्रमाणपत्र मिलेगा। प्रशिक्षु को सरकारी या निजी फील्ड में इस तरह की नौकरी में प्राथमिकता मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के क्षेत्रीय प्रबंधक देवेंद्र कुमार नारंग ने यह जानकारी दी। कहा कि कार्यालय में कौशल विकास भत्ता योजना के तहत कंडक्टर के प्रशिक्षण के लिए 31 मार्च तक आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक प्रार्थी दसवीं पास होना चाहिए तथा प्रार्थी के पास उपयुक्त संवाहक लाइसेंस होना अनिवार्य है।
प्रार्थी आवेदन फार्म के साथ दसवीं का प्रमाण पत्र, लाइसेंस, तहसीलदार द्वारा जारी किया गया आय प्रमाणपत्र और जाति प्रमाणपत्र संलग्न करें। इच्छुक उम्मीदवारों को अपने आवेदन के साथ क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन के नाम 100 रुपये का बैंक ड्राफ्ट लगाना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त प्रार्थी क्षेत्रीय कार्यालय में 100 रुपये नकद भी जमा करवा सकता है। अधिक जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम सोलन के कार्यालय दूरभाष न. 01792-230219 पर संपर्क किया जा सकता है।