अर्की में मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के दौरान मौजूद अध्यापक। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की। खंड प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय अर्की में खंड चिकित्सा अधिकारी के निर्देशानुसार मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी भाग सिंह ने की। शिविर में किशोर स्वास्थ्य काउंसलर सुरक्षा परमार ने नागरिक चिकित्सालय अर्की के नई दिशा केंद्र में उपलब्ध काउंसलिंग सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की परिभाषा, मानसिक स्वास्थ्य व भावनात्मक कल्याण, मानसिक रोगियों के व्यवहार संबंधी लक्षण और मनोवैज्ञानिक संकेतों जैसे विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। सुरक्षा परमार ने कहा कि पेशेवर काउंसलर और मनोचिकित्सकों के प्रभावी हस्तक्षेप से अवसाद और आत्महत्या के विचार जैसी स्थिति में सुधार हो सकता है और मानसिक रोगी पूर्ण रूप से स्वस्थ हो सकते हैं। इसके लिए समय पर इलाज के साथ-साथ परिवार, रिश्तेदार और समुदाय के दृष्टिकोण को सकारात्मक बनाना आवश्यक है।