दिसंबर में अस्थायी सड़क का काम होगा पूरा
बरसात में पहाड़ से मिट्टी व मलव सड़क पर आने से यातायात होता है प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। चक्कीमोड़ के पहाड़ को सुरक्षित करने का काम यातायात को डायवर्ट करने के बाद होगा। चक्कीमोड़ में अस्थायी सड़क का काम दिसंबर के पहले सप्ताह तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद इस डायवर्ट सड़क पर यातायात को शिफ्ट किया जाएगा। इस अस्थायी सड़क पर तब तक यातायात जारी रहेगा, जब तक खतरनाक पहाड़ को सुरक्षा देने का काम पूरा नहीं हो जाता।
भारी बरसात में पहाड़ से मिट्टी व मलबा सड़क पर आने से यातायात प्रभावित होता है, इससे जाम भी लगता है। चक्कीमोड़ में दो तरह के पहाड़ हैं। एक पर पत्थर की चट्टानें व दूसरे पर मिट्टी व पत्थर हैं। मिट्टी व पत्थर वाले पहाड़ के नीचे ग्रील कंपनी ने कंक्रीट के डंगे लगाए थे लेकिन बरसात के मौसम में मलबा व पत्थर कंक्रीट के डंगों के ऊपर से सड़क पर आ जाते हैं इससे सड़क प्रभावित होती रही है। पहाड़ से मिट्टी व पत्थर निकालने से पहले यातायात को निचली सड़क पर डायवर्ट किया जाएगा। इससे सड़क पर यातायात भी ना रुके व चक्कीमोड़ के पहाड़ को सुरक्षा देने का काम भी चलता रहे।
एसआरएम कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार एसजेवीएन से ड्राइंग व डिजाइन मांगा गया है। डिजाइन के अनुसार चक्कीमोड़ में स्थायी सड़क का काम होगा। एसआरएम कंपनी के डिप्टी मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि यातायात को डायवर्जन सड़क पर अस्थायी रूप से डायवर्ट कर देंगे। उसके बाद पहाड़ को रोकने का काम किया जाएगा।