कसौली के बस स्टेड से पहले पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतारें। संवाद
मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत पाने सैलानियों ने किया पहाड़ों का रुख, वीकेंड पर होटलों और होम-स्टे में ऑक्यूपेंसी रही फुल
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और उमस से राहत पाने के लिए वीकेंड शुरू होते ही बाहरी राज्यों से पर्यटकों का कसौली की खूबसूरत वादियों में पहुंचना जारी है। कसौली के सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए हजारों की संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटकों की इस भारी आवाजाही के कारण कसौली में कैंट पार्किंग पर्ची काटने वाले स्थान के पीछे लगभग एक किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के पर्यटक शुक्रवार से ही कसौली के नामी होटलों और होम-स्टे में एडवांस बुकिंग कराकर पहुंच रहे हैं। इससे हिमाचल के पर्यटन कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिला है। इन दिनों कसौली के लगभग सभी प्रमुख होटलों में ऑक्यूपेंसी पूरी तरह फुल चल रही है। कसौली पहुंचे पर्यटक यहां के मालरोड, हेरिटेज मार्केट और सनसेट पॉइंट पर सुहाने मौसम के बीच खूब मौजमस्ती कर रहे हैं। इस मौसम में पर्यटकों को हिमाचली व्यंजन सिड्डू और महाराष्ट्र से आए भुट्टे का स्वाद बेहद पसंद आ रहा है, जिसकी स्थानीय दुकानों पर भारी मांग बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की चेतावनी जारी की है, लेकिन फिलहाल आसमान में छाए बादलों और कसौली के बदलते मौसम के मिजाज ने यहां का माहौल और खुशनुमा बना दिया है। सैलानी सुहाने मौसम का भरपूर आनंद उठा रहे हैं और ठंडी हवाओं के बीच सुकून के पल बिता रहे हैं।
कसौली के बस स्टेड से पहले पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतारें। संवाद