कार्यकर्ता के पांच और सहायिका के आठ पद पड़े रिक्त
उपमंडलाधिकारी कार्यालय कंडाघाट में आयोजित होंगे साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। बाल विकास परियोजना कंडाघाट की पंचायतों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पांच और आगंनबाडी सहायिका के आठ पदों को भरा जाएगा। इसके लिए 12 अगस्त को साक्षात्कार होंगे। यह साक्षात्कार उपमंडलाधिकारी कंडाघाट कार्यालय में सुबह 11:00 बजे से होंगे। बाल विकास परियोजना अधिकारी कंडाघाट के विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि आंगनबाड़ी वृत्त कंडाघाट की ग्राम पंचायत सिरीनगर के आंगनबाड़ी केंद्र डोलग, ग्राम पंचायत क्वारग के सिल्हारी, आंगनबाड़ी वृत्त चायल के नगाली के जेठना, आंगनबाड़ी केंद्र चायल, आंगनबाड़ी वृत्त वाकनाघाट के पौधना के तहत गांव चिनी में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा।
वहीं, आंगनबाड़ी वृत्त कंडाघाट केंद्र टिक्करी, ग्राम पंचायत छावशा के मालगा, ग्राम पंचायत सैंज के कोहारी, ग्राम पंचायत झाझा के काथला, ग्राम पंचायत रहेड के टनाजी, चोहड़ा, चायल और आंगनबाड़ी वृत्त वाकनाघाट के ग्राम पंचायत देलगी के कोठी में आंगनबाड़ी सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा। उन्होंने कहा कि पद के लिए वही महिला उम्मीदवार पात्र होंगी जो संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र के क्षेत्र में एक जनवरी 2024 को सामान्य रूप रहे परिवार से संबंध रखती हों। उन्होंने कहा कि इसके लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उम्मीदवार के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दस जमा दो उत्तीर्ण होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन पदों के लिए उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में उम्मीदवार को तहसीलदार अथवा नायब तहसीलदार द्वारा जारी एवं प्रति हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।