नालागढ़ के किरपालपुर स्थित शिवालिक वैली स्कूल में एनडीआरएफ की टीम बच्चों कोआपदा प्रबंधन का डेमो
- फोटो : Amar Ujala
शिवालिक वैली स्कूल में कार्यशाला का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। शिवालिक वैली स्कूल किरपालपुर में विद्यार्थियों को आपदाओं से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम ने विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन और बचाव के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
एनडीआरएफ टीम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर मोहित ने किया। उनके साथ हेड कांस्टेबल नरेंद्र कुमार तथा कांस्टेबल मलिक समीर अप्पा, रमन और प्रेम भी मौजूद रहे। प्रधानाचार्य कविता बंसल ने टीम का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
टीम ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं जैसे भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन तथा मानव निर्मित आपदाओं जैसे आग लगना और गैस रिसाव की स्थिति में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने के लिए कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) का लाइव प्रदर्शन भी किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम ने बताया कि चोट लगने पर तुरंत प्राथमिक उपचार कैसे किया जाए, अधिक रक्तस्राव होने की स्थिति में साफ पट्टी बांधकर खून कैसे रोका जाए तथा घायल अंग को ऊंचा रखकर राहत कैसे दी जाए। प्रधानाचार्य कविता बंसल ने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।