पूजन के चलते आज भी लोगों को झेलनी पड़ सकती है बसों की किल्लत
ग्रामीण क्षेत्रों से शहर की ओर आने वाले लोगों को मजबूरी में करनी पड़ी टैक्सी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। दिवाली पर्व के बाद सोमवार सुबह को कई सरकारी और निजी बसें रूट पर नहीं लौटीं। इसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं यात्रियों को कई घंटे इंतजार के बाद गंतव्य स्थानों की ओर जाने के लिए बसें मिलीं। ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों को आने वाले लोगों को भी बसें कम होने से टैक्सियों का सहारा लेना पड़ा। वहीं मंगलवार को भी लोगों को इस तरह समस्या से जूझना पड़ सकता है। क्योंकि गोवर्धन और विश्वकर्मा पूजन के मुहूर्त को लेकर कई बसें रुटों पर नहीं निकलेंगी। हालांकि भाई दूज को लेकर पथ परिवहन निगम ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सभी चालकों व परिचालकों को भी निर्देश दे दिए हैं।
गौर रहे कि दिवाली को लेकर पथ परिवहन के पांच बजे के बाद से रूट बंद कर दिए गए थे। इसके बाद कई लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। ऐसे हालात मंगलवार दोपहर तक बने रह सकते हैं। जिला मुख्यालय के पुराने बस स्टैंड और नये बस स्टैंड पर काफी भीड़ देखने को मिली। इसी तरह हाईवे पर सोलन बाईपास, कुमारहट्टी, धर्मपुर, जाबली और परवाणू में भी काफी यात्री बसों के इंतजार में रुके रहे। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक प्रिय रंजन ने बताया कि लोगों को परेशानी न हो इसके लिए निगम ने कमर कसी हुई है। सभी रुटों पर बसें भेज दी गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी। इंस्पेक्टरों की ड्यूटी भी विभिन्न जगहों पर लगाई गई है ताकि लोगों को आने-जाने में कोई समस्या न हो।