अग्रिमशन विभाग की टीम ने आग पर पाया काबू
अभी तक आग लगने के कारणों का नहीं चला पता
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। झाड़माजरी के साथ लगते हरियाणा के शाहपुर में शुक्रवार मध्य रात अचानक आग लगने से तीन प्रवासी लोगों के खोखे जल गए। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर ब्रिगेड बद्दी की टीम ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया।
बरोटीवाला पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार रात करीब 1:55 बजे हुआ। शाहपुर गांव में पहले एक खोखे में आग लगी। देखते ही देखते दो और खोखे इसकी चपेट में आ गए। एक खोखे में सैलून और दो खोखो में खाने पीने और जूते-चप्पल का कारोबार किया जा रहा था। आग लगते ही साथ लगती झुगियों में रहने वाले लोगों ने शोर मचाया। इसकी फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। फायर ऑफिसर हेमराज ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर टेंडर को मौके पर भेज दिया गया। आग पर काबू पाया गया। इस घटना स्थल के साथ दो और खोखे थे जिन्हें बचा लिया है। इसके साथ सैकड़ों झुगियां थी अगर आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। खोखा संचालकों के मुताबिक आग से करीब 6 लाख का नुकसान हुआ है।