पुलिस ने हमलावरों का सहयोग करने वाले दो स्थानीय लोग पकड़े
मामले की जांच के लिए पुलिस ने गठित की पांच टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। मखनूमाजरा गोलीकांड में पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर ली है। पुलिस ने इस मामले में दो स्थानीय व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जो हमलावरों के साथ सहयोग कर रहे थे। पीजीआई में इलाज करवा रहे बलविंद्र सिंह बल्लू की हालत में सुधार है। बल्लू पर चार गोलियां चलाई गई थीं, लेकिन उसकी शरीर के अंदर से कोई गोली नहीं मिली। सभी गोलियां उसके शरीर को छू कर निकल गईं। बद्दी के एसपी विनोद धीमान ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह मामला 2021 में खेड़ा में दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी से जुड़ा हुआ है। उस गोलीबारी में सीमू गैंग के खनाओ के निवासी सिमरन की गोली लगने से मौत हो गई थी। इस घटना के दूसरे गुट में बल्लू भी शामिल था। बदला लेने के लिए सीमू गैंग के हमलावरों ने बल्लू पर हमला किया। हमलावर कार में बैठकर आए थे और बल्लू पर गोली बरसाईं। पुलिस ने बताया कि हमलावरों की पहचान हो गई है। इनमें शिवदत्त, राजन और रोहित शामिल हैं। इन हमलावरों को ललित और डेविड ठाकुर ने सहयोग किया था। पुलिस ने जांच के बाद इन दोनों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर इस घटना को विश्नोई गैंग से जोड़ने वाली एक पोस्ट वायरल हो रही है, लेकिन पुलिस ने इसका खंडन किया है। पोस्ट की सच्चाई की जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित की हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस तेजी से काम कर रही है।
पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी
बद्दी गोलीकांड में आरोपियों को सहयोग करने वाले ललित कुमार और डेविड ठाकुर को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।