अदालत ने दोनों आरोपियों को भेजा पांच दिन की पुलिस रिमांड पर
तीसरा आरोपी अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर, तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी के काठा क्षेत्र स्थित चंदन कम्युनिकेशन सेंटर से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने दुकान से तीन मोबाइल फोन और करीब 35 हजार रुपये की नकदी चोरी की थी। पुलिस ने सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। 26 फरवरी को दोपहर बाद चंदन कम्युनिकेशन सेंटर में एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश युवक पहुंचे। इनमें से एक आरोपी ने दुकान मालिक की कनपटी पर पिस्तौल रखा, जबकि दूसरे ने शटर को नीचे करके गल्ले से 35 हजार रुपये और तीन मोबाइल फोन निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई अमित के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया और जांच शुरू की। इसके परिणामस्वरूप, पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यूपी निवासी अर्जुन और तोसिफ के रूप में हुई है। दोनों चक्का में किराये के मकान में रहते हैं। तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस ने टीम भेज दी है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इन आरोपियों से चोरी की गई सामग्री की रिकवरी नहीं की जा सकी है।