डेंगू की संभावना, ग्रामीणों ने क्षेत्र में फॉगिंग करने की उठाई मांग
स्वास्थ्य महकमा ग्रामीण क्षेत्र में लोगों डेंगू को लेकर कर रहा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के आस-पास के क्षेत्रों से डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी तादाद में बुखार, सिरदर्द, खांसी से पीड़ित मरीज अस्पताल और क्लीनिकों में आ रहे हैं।
कालाअंब के निजी चिकित्सकों में डॉ. अजय वर्मा और डॉ. अजय गोयल ने बताया कि उनके पास उपचार के लिए रोजाना बुखार, पेटदर्द और खांसी के मरीज पहुंच रहे हैं, जिनका रोग की स्थिति के अनुसार उपचार किया जा रहा है। तेज बुखार और पेटदर्द की स्थिति में रोगी को ड्रिप लगाकर इलाज किया जा रहा है। ऐसे रोगियों को डेंगू की संभावना को ध्यान में रखते हुए उपचार किया जा रहा है, जबकि कुछ रोगी स्थानीय स्तर पर सीधे मेडिकल स्टोर या झोलाछाप से दवा लेकर खुद को खतरे में डाल रहे हैं।
स्थानीय लोगों में सन्नी, राजू, सलमान, दीपू और विजय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में फॉगिंग और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाए ताकि डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी न हो।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोनिशा अग्रवाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही रक्त की जांच भी की जा रही है। डेंगू प्रभावित क्षेत्रों में विभाग की टीम क्षेत्र में निरीक्षण कर रही है। बीते कल बिक्रमबाग क्षेत्र से डेंगू का मामला सामने आने पर विभाग पूरे क्षेत्र में रक्त जांच की प्रक्रिया कर रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।