हरिपुर में मेले के दौरान उमड़ी भीड़- स्रोत - ग्रामीण
बाहरी राज्यों के लोगों ने लगाए भंडारे, गुरुद्वारे में बंटा खिचड़ी का प्रसाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन)। धार्मिक स्थल हरिपुर साहिब में आयोजित दो दिवसीय लोहड़ी मेले का बुधवार को भव्य समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन भारी संख्या में स्थानीय लोगों सहित पड़ोसी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने बाबा जवाहर सिंह महाराज के गुरुद्वारा और समाधि स्थल पर शीश नवाया। सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार, यहां मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालुओं को विशेष रूप से देसी घी की खिचड़ी का प्रसाद बांटा गया। हरिपुर साहिब में लोहड़ी पर लगने वाला यह मेला जिला सोलन का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है। यहां अटूट लंगर की परंपरा को निभाते हुए गुरुद्वारा साहिब के अलावा जगह-जगह स्वयंसेवकों ने विभिन्न प्रकार के लंगर लगाए गए थे। गुरुद्वारा के सेवादारों ने दिन-रात अपनी सेवाएं देकर व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। श्रद्धालुओं ने दरबार में माथा टेकने के बाद मेले का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की। बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं में स्थानीय उत्पादों के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। लोगों ने स्थानीय अदरक, हल्दी, अरबी के साथ-साथ पारंपरिक कुंडी-डंडा और बांस से बनी वस्तुओं की जमकर खरीदारी की।
प्रशासन की व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मेले के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर वाहनों की भारी आवाजाही के बावजूद बेहतर इंतजामों के कारण जाम की स्थिति नहीं बनी।