90 फीसदी पूरा हुआ आरएस वॉल का काम, फरवरी तक मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (सोलन)। परवाणू-शिमला फोरलेन पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। चक्कीमोड़ के समीप भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए हिस्से को बहाल करने के लिए एसआरएम कंपनी ने कमर कस ली है। यहां निर्माणाधीन आरएस वॉल का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है। उम्मीद जताई जा रही है कि जनवरी के अंत तक निर्माण कार्य समाप्त कर दिया जाएगा, जिसके बाद फरवरी माह में यहां यातायात के लिए डबल लेन पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी। गौरतलब है कि वर्ष 2023 की भारी बरसात और प्राकृतिक आपदा ने परवाणू से सोलन के बीच फोरलेन को भारी नुकसान पहुंचाया था। चक्कीमोड़ से टीटीआर तक के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर भूस्खलन होने के कारण सड़क का अस्तित्व खतरे में पड़ गया था। एनएचएआई को अब तक यहां करोड़ों रुपये का नुकसान हो चुका है। वर्तमान में वर्ष 2025 में भी स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है और ट्रैफिक को सिंगल लेन के सहारे चलाया जा रहा है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
गुणवत्ता का रखा जा रहा विशेष ध्यान
दीवार के निर्माण में सुरक्षा मानकों को प्राथमिकता दी जा रही है। कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा मिट्टी की गुणवत्ता की गहन जांच की गई है ताकि भविष्य में भूस्खलन की पुनरावृत्ति न हो। डबल लेन बहाल होने के बाद न केवल ट्रैफिक सुचारू होगा, बल्कि चक्कीमोड़ के इस डेंजर जोन में दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी कम हो जाएगी।
कोट
ट्रक ले-बाय के साथ निचले हिस्से में चल रहा आरएस वॉल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। काम खत्म होते ही यातायात को डबल लेन पर मोड़ दिया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को जाम से निजात मिलेगी।
-मनोज कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, एसआरएम कंपनी।