संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया ने कहा कि नगर परिषद नालागढ़ के निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से वीरवार को खंड विकास अधिकारी कार्यालय नालागढ़ में 12 महिला पोलिंग पार्टियों की तीसरी रिहर्सल आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ईवीएम मशीनों के संचालन, मतदाता सत्यापन, मॉक पोल, मतदान सामग्री के रखरखाव, मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान उपरांत सीलिंग प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य निष्पादन के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया गया। निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी महिला पोलिंग पार्टियों से ईवीएम मशीनों पर मॉक रिहर्सल भी करवाई गई, ताकि मतदान प्रक्रिया समयबद्ध एवं सुचारू रूप से संचालित की जा सके। मतदान कर्मियों को मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।