संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के साई रोड पर चोरों ने कोहरे की आड़ में एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। विशाल मेगा मार्ट के पास स्थित हिम्टेक्स ग्लोबल उद्योग का ताला तोड़कर चोर करीब 15 लाख रुपये के कीमती उपकरण और मशीनरी ले उड़े। उद्योग के मालिक देव दत्त के अनुसार, चोरी की यह घटना सुबह 3 से 4 बजे के बीच हुई। चोरों ने किसी तेज हथियार से ताला काटा और अंदर घुसकर एसएस डेडवेट (एम1 व ई1 क्लास), वेट बैलेंस मशीन, ड्राई ब्लॉक टेंपरेचर कालीब्रेटर, सिक्स डिजिट माइक्रो बैलेंस, मास्टर थर्मो कपल और कॉपर वायर के रोल चोरी कर लिए। सूचना मिलने के बाद बद्दी पुलिस ने मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। एसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उद्योग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।