प्रधान ने पुलिस को दी शिकायत, खंगाले जा रहे क्षेत्र के सीसीटीवी
संवाद न्यूज एजेंसी
सुबाथू (सोलन)। ग्राम पंचायत देलगी के खायरी गांव में सोमवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक बेसहारा गरीब महिला के घर को निशाना बनाया। वारदात के समय आईआरडीपी श्रेणी से ताल्लुक रखने वाली पीड़ित विधवा देलगी बाजार राशन लेने गई थी। मौका पाकर चोर सोने-चांदी के गहने उड़ा ले गए। पीड़ित महिला की बेटी की जल्द ही शादी होने वाली है, ऐसे में इस घटना से गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे की है। देलगी पंचायत के प्रधान शालिग्राम ने बताया कि महिला जब बाजार गई थी, तभी अज्ञात चोरों ने गहनों पर हाथ साफ कर दिया। राहत की बात यह रही कि घर में रखा चांदी का कुछ अन्य सामान चोरी होने से बच गया। पंचायत प्रधान ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।