अर्की अस्पताल में पर्ची काउंटर के लिए नये शेड का निर्माण करते हुए। संवाद
मरीजों व तीमारदारों को बैठने के लिए लगाए जाएंगे बैंच
अभी तक पर्ची व दवा काउंटर साथ-साथ होने से आ रही थी दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की नागरिक चिकित्सालय अर्की में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और तीमारदारों को जल्द ही पर्ची काउंटर पर लगने वाली लंबी कतारों और धक्का-मुक्की से राहत मिलेगी। अस्पताल प्रबंधन पर्ची काउंटर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी में है, जिसके लिए सात लाख रुपये की लागत से एक भव्य शेड का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में अस्पताल के मुख्य गेट के पास ही पर्ची और दवा काउंटर होने के कारण भारी भीड़ उमड़ती थी। इससे न केवल मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता था, बल्कि आपातकालीन स्थिति में अंदर-बाहर जाने वाले लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब खुले स्थान पर शेड बनने से मरीजों को बैठने के लिए बेंचों की सुविधा भी मिलेगी। पर्ची काउंटर की इस समस्या को स्थानीय लोगों ने रोगी कल्याण समिति की बैठक में प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद विधायक संजय अवस्थी ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए अस्पताल प्रबंधन को तुरंत एस्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए थे। बजट की स्वीकृति मिलते ही अब निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है।
कोर्ट
शेड का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। जल्द ही पर्ची काउंटर को नए स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाएगा। इससे अस्पताल परिसर में भीड़ कम होगी और मरीजों को बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
-डॉ. मुक्ता रस्तोगी, खंड चिकित्सा अधिकारी, अर्की