शहरी क्षेत्र में सोमवार तो गांव में मंगलवार को मनाई बड़ी दिवाली
दोनों दिन लक्ष्मी पूजन के बाद आसमान में आतिशबाजी का दिखा नजारा
मंगलवार को भी पटाखों की रही डिमांड, देररात तक चले पटाखे
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिला सोलन में इस बार दिवाली पूजन को लेकर लोगों में असमंजस रहा। जहां शहरी क्षेत्रों में सोमवार को बड़ी दिवाली मनाई गई, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में इस दिन छोटी दिवाली मनाई गई। जबकि बड़ी मंगलवार को पारंपरिक रूप से मनाई गई। इसी दिन ग्रामीण क्षेत्रों में देव पूजन के साथ आतिशबाजी भी की गई। हालांकि, दिवाली की छुट्टी सोमवार को थी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को छुट्टी होने के कारण कई लोगों ने शुभ मुहूर्त 7:07 बजे मां लक्ष्मी का पूजन किया। वहीं कई लोगों ने मंगलवार को 6:30 बजे से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की। मंगलवार को छुट्टी न होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतें आईं। इसके साथ पटाखा स्टॉल पर भी खूब भीड़ रही। इसके चलते जिलाभर में लगे अधिकतर पटाखा स्टॉल पर सोमवार को रात 8:00 बजे तक सामान बिक गया। हालांकि, मंगलवार को भी पटाखों की काफी मांग रही, लेकिन एक्का-दुक्का दुकानों में ही पटाखे उपलब्ध थे।
मंगलवार की रात को भी ग्रामीण क्षेत्रों में जमकर पटाखे चले। रात करीब 12:00 बजे तक लोगों ने स्काई शॉट्स चलाए और दीपोत्सव मनाया। दीपावली मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की। इससे दुकानदारों की खूब चांदी हुई। लक्ष्मी पूजन के बाद लोगों ने देर रात तक पटाखे चलाए। आसमान में आतिशबाजी का अलग ही नजारा दिखाई दिया।
खूब बिका इलेक्ट्रॉनिक्स सामान
जिले भर में दिवाली के दिन लोगों ने जमकर इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की खरीदारी की। इस दौरान अधिकतर लोग लैपटॉप और टीवी खरीदने पहुंचे। इसके साथ ही मोबाइल फोन की भी बाजार में खूब बिक्री हुई। लोगों ने दूसरे इलेक्ट्रॉनिक्स सामान भी खरीदे।
घर सजावट का सामान भी बिका
जिलाभर में लोगों ने घर सजावट के कई प्रकार के सामान की खरीदारी की। इस दौरान पानी से चलने वाले दीयों समेत अन्य लाइटें भी खरीदी गईं। सोमवार और मंगलवार को घरों में रंगोली से भी सजावट की गई। वहीं, रंग-बिरंगी एलईडी लाइटें और लाइट झूमर भी बाजार में बिके। इसके अलावा आर्टिफिशियल फूलों की भी खूब बिक्री हुई।