पुलिस की प्रारंभिक जांच में हुआ खुलासा, पहले थी युवक में रंजिश
कुछ समय पहले भी हुआ था झगड़ा, दोबारा विवाद होने पर की हत्या
शहर में 4 सितंबर को हुए हत्याकांड में पुलिस कर रही है पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर के चौक बाजार में चार सितंबर को हुए अमन उर्फ मन्नी हत्याकांड में पुलिस की प्रारंभिक जांच में कई खुलासे हुए हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपियों के बीच मादक पदार्थ से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर पहले से विवाद और आपसी रंजिश चल रही थी। इसके चलते इससे पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हो चुका था। घटना वाले दिन दोनों पक्षों के बीच पुनः विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इस दौरान आरोपी ने चाकू से वार किए, इससे अमन की मौत हो गई।
गौरतलब है कि चार सितंबर को चौक बाजार स्थित दालडा कॉलोनी में देर शाम तीन युवकों में मारपीट हुई, इसमें एक युवक ने चाकू मारकर दूसरे की हत्या कर दी। मृतक युवक हरियाणा राज्य के कालका का रहने वाला था, जबकि आरोपी सोलन के रहने वाले हैं। पुलिस न मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं अभी वह रिमांड पर चल रहे हैं। उधर, एसपी सोलन टी. साई वर्मा ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की पुष्टि साक्ष्यों व पूछताछ के आधार पर कर रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपियों में नशीले पदार्थों से जुड़े पैसों को लेकर लेनदेन था और पहले से उनमें इस बात को लेकर विवाद को चुका था। घटना के दिन भी दोबारा से विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसमें एक युवक ने दूसरे की चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।