दस दिनों से तीन हजार की आबादी बूंद-बूंद को तरसी
धर्मपुर गांव को जाने वाली योजना की मोटर जली
संवाद न्यूज ऐजंसी
बरोटीवाला (सोलन)। थाना पंचायत के कोटला व धर्मपुर गांव पिछले दस दिनों से पानी नहीं है। योजना की मोटर खराब होने से यह समस्या आई है। करीब तीन हजार की आबादी पानी के लिए भटक रही है। दस दिन बीत जाने के बाद भी विभाग मोटर की रिपेयर नहीं करा पाया है। थाना पंचायत के धर्मपुर को जाने उठाऊ योजना की मोटर खराब हो गई थी। विभाग ने सात दिन के बाद इसकी मोटर बदली। अभी यहां पर पानी लिफ्ट हो रहा था कि इसी योजना के स्टोर टैंक की मोटर जल गई। दस दिन से कोटला व धर्मपुर गांव के लोग पानी की लिए भटक रहे हैं। कुछ लोग टैंकर से प्यास बुझा रहे हैं। अन्य लोग प्राचीन बावड़ी से पानी भर रहे हैं।
बीडीसी अध्यक्ष अशोक कुमार, डॉक्टर प्रदीप, रामलखन, नंदलाल, दीपक रोहित, मोहित, मनोज, बिल्ला, मनीष, सतपाल तथा कोटला से सोहन लाल, बिट्टू, पवन, देवराज, रवि आदि ने कहा कि पिछले 15 साल में पहली बार देखा कि 10 दिन गांव में पानी नहीं आया। लोग गांव की प्राचीन बावड़ी से पानी भर रहे हैं।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राहुल अबरोल ने बताया कि पहले धर्मपुर गांव की मोटर जल गई थी। उसे रिप्लेस किया गया अब स्टोर टैंक की मोटर जल गई है। जिसे रिपेयर करने के लिए भेजा गया है। जल्द ही इसे सुचारू कर दिया जाएगा।