फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बजट के अभाव में गर्ल्स स्कूल भवन का काम ठप

Sat, 05 Nov 2016 09:33 PM IST
ब्यूरो, सोलन
विज्ञापन
अधूरा पड़ा स्कूल भवन का काम। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
एक तरफ सरकार जहां स्कूलों की अधोसंरचना के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने के दावे कर रही है वहीं सोलन शहर के मालरोड पर स्थित मुख्य गर्ल्स और प्राइमरी स्कूल का निर्माण कार्य बजट के अभाव में बंद हो गया। शहर के बीचोंबीच डेढ़ करोड़ की लागत से स्कूल का चार मंजिला भवन बनाया जाना है। भवन के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए एक करोड़ के बजट की दरकार है। लगभग दो साल पहले शुरू हुए इस भवन को शिक्षा विभाग के अब तक सुपुर्द कर दिया जाना चाहिए था। लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने से स्कूल को दो शिफ्टों में चलाना पड़ रहा है। हालांकि इन दिनों स्कूल की परीक्षाओं के चलते सभी कक्षाएं एक साथ लगाई जा रही हैं। लेकिन नए सत्र तक अगर भवन तैयार नहीं हुआ तो एक बार फिर स्कूल दो शिफ्टों में चलाना पड़ेगा। इससे एक बार फिर छात्राओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
विज्ञापन


धनीराम शांडिल ने रखी थी आधारशिला
शहर के मुख्य स्कूल में जगह की कमी के कारण छात्राओं को परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए पुराने प्राइमरी विंग को तोड़ते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने नए भवन की आधारशिला रखी थी। पहले इस भवन के नक्शे में टॉयलेट का प्रावधान नहीं था लेकिन अब भवन से लगभग 7 मीटर की दूरी पर टॉयलेट का निर्माण किया है।

शिफ्टों में चलानी पड़ रही कक्षाएं : कौशल
गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या अनीता कौशल ने बताया कि स्कूल के नए भवन का कार्य नहीं होने से स्कूल में शिफ्टों में कक्षाएं चलाई जा रही हैं। नवंबर में छात्राओं की परीक्षाएं होती हैं जिससे स्कूल को एक ही शिफ्ट में चलाया जा रहा है। लेकिन नए सत्र में भी अगर भवन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो स्कूल को दोबारा दो शिफ्टों में चलाना पड़ेगा।  
विज्ञापन


एक करोड़ की जरूरत : लोनिवि
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता बीके शर्मा ने बताया कि डेढ़ करोड़ से भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से 50 लाख रुपये खर्च किया जा चुका है। शिक्षा विभाग से करीब 1 करोड़ का फंड भवन निर्माण के लिए मांगा है। लेकिन अभी तक कोई जवाब विभाग की ओर से नहीं मिला है। जैसे ही विभाग फंड रिलीज करेगा निर्माण कार्य को लोनिवि 5 से 6 माह के भीतर पूरा करके स्कूल प्रबंधन को सौंप देगा।

निदेशालय से किया है पत्राचार : भारद्वाज
उच्च शिक्षा उपनिदेशक आरके भारद्वाज ने बताया कि विभाग द्वारा स्कूल भवन के निर्माण के लिए लंबित फंड के बारे में शिक्षा निदेशालय से पत्राचार किया है। फंड आने के बाद लोनिवि को पैसा रिलीज कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें