दाड़लाघाट में यूथ फार्मर क्लब स्यार द्वारा आयोजित रामलीला के मंचन में कलाकार। स्रोत-क्लब
दाड़लाघाट में रामलीला में कलाकारों ने किया शानदार मंचन
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट के यूथ फार्मर क्लब स्यार की ओर से पुराने गोयल मोटर शोरूम में आयोजित रामलीला के मंचन के पांचवें दिन दर्शक भावुक हो गए। मंचन का पहला दृश्य कौशल्या महल का रहा, जहां भगवान राम अपनी माता से वनगमन की आज्ञा लेने पहुंचते हैं। माता कौशल्या का पुत्र वियोग देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद का दृश्य सीता और राम संवाद का रहा। इसमें माता सीता राम के साथ वन जाने का आग्रह करती हैं। वहीं, भाई लक्ष्मण भी वनवास में साथ चलने की जिद करते हैं। इसके बाद भगवान राम, लक्ष्मण और सीता कैकेयी महल पहुंचकर वनवासी वस्त्र धारण करते हैं और अयोध्या वासियों से विदा लेकर निकल पड़ते हैं। महामंत्री सुमंत के साथ संवाद ने दर्शकों को और भी भावुक कर दिया। जब सुमंत वापस आकर महाराजा दशरथ को संपूर्ण वृतांत सुनाते हैं तो पुत्र वियोग में महाराजा दशरथ के प्राण त्यागने का दृश्य पूरे मैदान को गमगीन कर गया।