अर्की क्षेत्र के संघोई धार में चल रहा शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन के दौरन मौजूद ग्रामीण। स्त्रोत ग
कहा जब तक न्याय नहीं मिलता तब तक जारी रहेगी हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन)। दाड़लाघाट अंबुजा अदाणी सीमेंट कंपनी की माइनिंग और ब्लास्टिंग गतिविधियों के खिलाफ अर्की क्षेत्र के संघोई धार में चल रहा आंदोलन अब उग्र रूप लेने लगा है। मंगलवार को धरने के 26वें दिन सीमेंट उद्योग व माइनिंग प्रभावित मंच के संयोजक संदीप की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। वे पूरे दिन केवल पानी पीकर अनशन पर डटे रहे। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि जब तक प्रभावितों को न्याय नहीं मिलता, आंदोलन और अनशन खत्म नहीं होगा। संयोजक संदीप ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अनियंत्रित और अवैज्ञानिक तरीके से की जा रही ब्लास्टिंग ने पूरे क्षेत्र का भूगोल बिगाड़ दिया है। धमाकों के कारण क्षेत्र के प्राकृतिक जल स्रोत पूरी तरह सूख चुके हैं। कंपनी ने न तो जल संरक्षण के लिए चेकडैम बनाए और न ही पानी के पुनर्भरण (रिचार्ज) की कोई व्यवस्था की। उन्होंने बताया कि नवगांव पुल के निचले क्षेत्र में 45 और ऊपरी क्षेत्र में 65 से अधिक पेयजल व सिंचाई योजनाएं पूरी तरह संकट में हैं, जिससे लाखों लोगों की प्यास बुझना मुश्किल हो गया है।