छात्रों के भविष्य पर लटकी तलवार, अभी तक सिलेबस भी नहीं हुआ पूरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साई में केमिस्ट्री व इतिहास के प्रवक्ता के पद पिछले एक साल से खाली चल रहे हैं। शिक्षा सत्र समाप्त होने जा रहा है लेकिन अभी तक स्कूल में यह दोनों अध्यापक नहीं है जिससे बच्चों को पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मार्च माह में बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं होनी है, ऐसे में शिक्षकों के न होने से बच्चों पर मानसिक दबाव है। साई स्कूल में 375 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसमें केमिस्ट्री में दस व इतिहास में डेढ़ दर्जन बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। यहां पर केमिस्ट्री का प्रवक्ता एक साल पहले भाटियां स्कूल में ट्रांसफर हो गई। वहीं इतिहास के प्रवक्ता ने हमीरपुर जिले में अपना तबादला करवा लिया। यह दोनों प्रवक्ता यहां पर कोई रिलीवर आने से पहले ही यहां से चले गए। जिससे दून के इस पहाड़ी क्षेत्र के स्कूल की बच्चों को पढ़ाई चौपट हो गई।
रिलीवर के आने के बाद ही करना चाहिए तबादला: धर्मपाल
स्कूल के एसएमसी प्रधान धर्मपाल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में रिलीवर के आने के बाद ही तबादला करना चाहिए। केमिस्ट्री एक ऐसा विषय है जिसे सभी नहीं पढ़ा सकते। ऐसे में बच्चे अन्य स्कूल की तुलना में पिछड़ना आम बात है। इतिहास को बच्चे स्वयं पढ़ भी तैयारी कर सकते है। एसएमसी के माध्यम से कुछ दिन के लिए आउट सोर्स पर केमिस्ट्री का टीचर को रखा गया था। जिससे बच्चों को पाठ्यक्रम कुछ हद तक पूरा कराया गया। उधर, स्कूल के प्रधानाचार्य विवेक चौधरी ने बताया कि स्कूल की ओर से रिक्त पदों की लिस्ट उच्च अधिकारियों को समय समय पर भेजी गई है।
ओमपाल सिंह