नालागढ़ के हैरिटेज पार्क का तालाब खस्ताहालत में और वहीं बंद पड़ी बोट्स। संवाद
यहां लगाए गए फव्वारे व नौका विहार लंबे समय से है बंद
बच्चे भी इस पार्क में आने में नहीं ले रही रुचि
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़(सोलन)। नालागढ़ के हेरिटेज पार्क का तालाब देखरेख के अभाव में खराब होता जा रहा है। यहां पर पहले फव्वारे व नौका विहार होता था, लेकिन पिछले लंबे समय से यह सब बंद है। पानी साफ नहीं किया गया है। जिससे अब यहां पर बच्चे में आने में रुचि नहीं दिखाते। कुछ दिन पहले पार्क में कई स्थानों पर लाइट नहीं थी लेकिन अब लाइट तो ठीक कर दी गई है। मगर तालाब की स्थिति दयनीय है।
नालागढ़ रियासत के समय यहां पर लोगों की सुविधा के लिए तालाब व स्कूल बनाया बनाया था। स्कूल दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया। यहां पर सात साल पहले तत्कालीन उपमंडलाधिकारी हरिकेश मीणा ने पार्क का जीर्णोद्धार करवाया था। उस दौरान तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया और वहां पर फव्वारे व नौका का प्रबंध किया गया। साथ में स्कूल की पीछे पार्क और ओपन एयर थियेटर बनाया गया। लेकिन पिछले कुछ समय से तालाब का पानी गंदा हो गया है। अब इसमें न फव्वारे चलते हैं और नहीं बोटिंग होती है। ऐसे में बच्चे अब यहां पर बहुत कम संख्या में आते हैं।
नालागढ़ विकास मंच के अध्यक्ष नरेश घई, सुमति सिंगल, यादव किशोर गौतम व राकेश कुमार ने बताया कि यहां पर कुछ दिन पहले लाइट खराब थी और शाम होते ही यहां पर अंधेरा हो जाता था। जिस पर एसडीएम दिव्यांशु सिंगल ने इसकी रिपेयर करके इसे चालू करा दिया है। लेकिन तालाब का वही हाल बना हुआ है। यह एक मात्र पार्क है। जिसमें यहां के लोग सुबह व शाम को सैर करते हैं।
उधर, एसडीएम दिव्यांशु सिंगल ने बताया कि कमेटी ने बंद पड़ी लाइटों को रिपेयर करके उसे चालू कर दिया है। अब जल्द ही तालाब का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।