शहर के वार्ड नंबर एक सपरून में 4.53 करोड़ की लागत से बनने वाले 3/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बसाल के शिलान्यास कार्यक्रम में सियासी शार्ट सर्किट से भाजपाइयों और कांग्रेसियों में तनातनी हो गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने बिजली बोर्ड के इस कार्यक्रम के दौरान उपकेंद्र की आधारशिला रखी।
इससे शहर के करीब 13 हजार उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। लेकिन इस कार्यक्रम के दौरान ही करीब दो दर्जन लोगों ने कांग्रेस की ज्वाइनिंग का प्रोग्राम भी रख दिया। मौके पर भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष ने सरकारी कार्यक्रमों इस तरह भाजपा ज्वाइन करवाने को लेकर आपत्ति जताई। साथ ही कहा कि यह सरासर जनता के धन की बर्बादी है।
सरकारी कार्यों की आड़ लेकर पार्टी का स्वार्थ पूरा किया जा रहा है। एक तरफ सरकारी विभाग भारी भरकम खर्च करके जनता के हित में सरकारी प्रोग्राम रखते हैं। लेकिन कुछ अफसरों की मिलीभगत से सरकारी प्रोग्राम को कांग्रेस का प्रोग्राम बना देते हैं। इस पर कड़ा एतराज जताया गया।
जिला भाजपा ने इस मुद्दे पर बयान जारी करते हुए गवर्नर और मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करने की बात कही है। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि विकास की बयार खूब बह रही है, तो भाजपाइयों का दिमाग का संतुलन तो बिगड़ेगा ही। उन्होंने भाजपाइयों को विकास पचाने और जनहित में हो रहे कार्यों में अड़ंगा न लगाने की सलाह दी है।
शहर में सुधरेगी विद्युत आपूर्ति: शांडिल
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि इस उपकेंद्र से शहर में बिजली की आपूर्ति काफी हद तक सुधरेगी। सपरून, पावर हाउस रोड, देहूंघाट, रबौन, घट्टी, देवठी, सयोतल तथा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी बड़ोग के उपभोक्ताओं को गुणवत्ता युक्त सेवाएं प्रदान होगी। उपकेंद्र के स्थापित होने से समूचे क्षेत्रवासियों को बेहतर वोल्टेज की सुविधा प्राप्त होगी।
इससे नए विद्युत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को भी लाभ होगा। इस उपकेंद्र को एक वर्ष की समयावधि में निर्मित कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोलन में विकास के नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। इसी तरह सोलन में विकास की निरंतर प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों के समर्थन की अपील की है। इससे सोलन का अधिक बेहतर विकास हो सके।
कोई कांग्रेस में शामिल होने चाहें तो हम क्यों रोकें : कांग्रेस प्रवक्ता
कांग्रेस प्रवक्ता एवं एडवोकेट मुकेश शर्मा ने कहा कि शहर के विकास की गति को देखते हुए अगर कुछ लोग सरकारी कार्यक्रम में कांग्रेस ज्वाइन करना चाहते हैं, तो कोई भी उन्हें नहीं रोक सकता। विकास को पचाने में भाजपाई असमर्थ है। लिहाजा ऐसी बेतुकी बयानबाजी पर उतारू हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि सोलन वार्ड नंबर एक में वाल्मीकि समुदाय के दो दर्जन से ज्यादा लोग कांग्रेस में शामिल हुए। आज सोलन के वार्ड नंबर एक में वाल्मीकि समुदाय के दो दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस पार्टी में आस्था जताते हुए स्थानीय विधायक एवं प्रदेश सरकार में सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल के समक्ष कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए।
सरकारी कार्यक्रमों में स्वार्थ पूर्ति में लगे हैं कांग्रेसी: गुप्ता
भाजपा नेता एवं नप अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में कांग्रेसी नेता अपनी स्वार्थ पूर्ति के लिए लगे हैं। बसाल उपकेंद्र का शिलान्यास कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं था। यहां करीब दो दर्जन लोगों को कांग्रेस ज्वाइन करवाकर जनता के धन की बर्बादी की गई।
ऐसे कार्यक्रमों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसका विरोध किया जाता है और आलाकमान समेत गवर्नर और सीएम से शिकायत होगी। जिला भाजपा के सचिव विवेक डोभाल ने कहा कि बसाल में विद्युत बोर्ड के कार्यक्रम को कुछ कांग्रेसियों ने कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम बना दिया।
इसका पार्टी विरोध करती है। कार्यकारिणी सदस्य तिलक ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों के दौरान अफसर भी कांग्रेसी हवा बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। ऐसे अफसरों को चेताते हुए भाजपाइयों ने कहा कि ऐसे अफसरों के खिलाफ मुहिम शुरू की जाएगी और भाजपा विरोध आंदोलन से गुरेज नहीं करेगी।