व्यक्ति के परिजनों ने जताया पुलिस अधिकारियों का आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरोटीवाला (सोलन) मानपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ एक लापता युवक को रिपोर्ट दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को खरुणी निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस थाना मानपुरा में शिकायत दर्ज करवाई कि उनका 35 वर्षीय पुत्र जितेंद्र मानसिक रूप से अस्वस्थ है। 14 जुलाई की शाम घर से बिना बताए कहीं चला गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए मानपुरा पुलिस ने तत्काल विशेष प्रयास शुरू किए और विभिन्न माध्यमों से युवक की तलाश शुरू कर दी। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही युवक का पता लगाकर उसे हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सकुशल ढूंढ लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए जितेंद्र को उसके पिता राजेंद्र सिंह के सुपुर्द कर दिया।
अपने बेटे को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने मानपुरा पुलिस का हृदय से आभार जताया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक परिवार को बड़ी राहत मिली है।
-