शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए ‘अमर उजाला’ का अभियान रंग लाने लगा है। नगर परिषद नींद से जाग रहा है। गंदगी फैलाकर शहर का वातावरण दूषित करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए आखिरकार नगर परिषद सोलन अनूठी पहल करने जा रहा है। इसमें स्मार्ट मोबाइल फोन का सहारा लिया जाएगा। इसमें लिए नगर परिषद ने स्वच्छता अभियान नंबर 9990349357 जारी कर दिया है। इस नंबर पर गंदगी फैलाने वालों का फोटो कोई भी भेज सकता है। दोषी पाए जाने पर गंदगी फैलाने वालों के चित्र शहर के विभिन्न स्थानों पर चस्पां किए जाएंगे।
यही नहीं बेहतर चित्र भेजने वालों को नगर परिषद हर तीन माह की मॉनिटरिंग के बाद नगद राशी से पुरस्कृत भी करेगा। वहीं डस्टबिन के इर्द गिर्द और गंदगी फेंके जाने वाले चिन्हित ठिकानों पर नगर परिषद सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी बना रहा है। नगर परिषद इस योजना को 1 जून से अमल में लाएगी। अभियान के तहत स्कूलों में पढ़ रहे जमा दो कक्षा और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी शामिल किया जाएगा। विद्यार्थी अपने फोन के कैमरों की मदद से गंदगी फैलाने वालों के फोटो ले सकेंगे। इनाम की राशि कितनी होगी, अभी तक यह तय नहीं किया गया है। जल्द बैठक में यह निर्णय लिया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव भी हाउस में रखा जाएगा।
ऐसे चलेगी पूरी योजना
01 इस तरह भेजें गंदगी फैलाने वालों की फोटो
यदि आप कहीं भी सार्वजनिक या खुले में लोगों को कूड़ा फेंकते हुए देखते हों तो उसे कैमरे में तुरंत कैद कर लो। उसका वीडियो बना लें और स्वच्छता अभियान नंबर पर आप भेज दें। नगर परिषद इस नंबर की मॉनिटरिंग करेगा। जांच के बाद उचित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
02- ऐसे होंगे आप इनाम के हकदार
हर तीन माह के बाद भेजे गए फोटो की समीक्षा की जाएगी। फोटो भेजने वाला अपने नाम और स्थान कैप्शन भी फोटो में भरेगा। तीन माह बाद जिसके सबसे अधिक और बेहतर फोटो होंगे, नगर परिषद उन्हें ईनाम देगा। इसके लिए विशेष गठित टीम फोटो का मूल्यांकन करेगी।
03- सार्वजनिक होंगे गंदगी फैलाने वालों के फोटो
गंदगी फैलाते हुए अगर आप पकड़े गए तो नगर परिषद आपके फोटो दीवारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी चस्पां कर सकता है। इसके लिए भी नगर परिषद प्रावधान कर रहा है। अगर ऐसा हुआ तो शहर मेें गंदगी फैलाकर आबोहवा को दूषित करने वालों के चेहरे बेनकाब होंगे।
04 गंदगी फेंकने वाले ठिकानों में सीसीटीवी
नगर परिषद मुख्य डस्टबिन में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहरा है। इसके अलावा उन स्थानों को चिहिंत करे कैमरे लगाएगा जहां सबसे अधिक गंदगी फैलाई जाती है। दावा है कि इस तरह से गंदगी फैलाने वाले नप सकेंगे।
व्हाटसऐप नंबर जारी : पवन गुप्ता
नगर परिषद अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि फोटो और विडियो को भेजने के लिए नप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ईओ के अलावा स्वच्छता अभियान के तहत नप द्वारा खास व्हाटसऐप नंबर जारी किए जा रहा है। लोगों से आह्वान किया कि अगर कोई व्यक्ति किसी भी वार्ड में गंदगी फैला रहा है तो उसका फोटो या वीडियो तो उसे तुरंत शेयर करे। नियमों के तहत उसपर कार्रवाई होगी। कहा कि लोगों की सहभागिता से ही सफाई व्यवस्था सुदृढ़ हो सकती है।
इन नंबरों पर करें संपर्क
1 पवन गुप्ता अध्यक्ष (नगर परिषद ) 9816076000
2 मीरा आनंद उपाध्यक्ष (नगर परिषद ) 9418322799
3 बीआर नेगी ईओ (नगर परिषद ) 9418460290
4 स्वच्छता अभियान नंबर 9990349357