ग्राम पंचायत दाड़वा से प्रस्तावित नई पंचायत बनाने का विरोध करते ग्रामीण। संवाद
पांच गांवों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त मनमोहन शर्मा से मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पंचायत चुनाव से पहले प्रस्तावित नई पंचायत के गठन को लेकर दाड़वा के लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। दाड़वा के पांच गांवों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को उपायुक्त मनमोहन शर्मा से मिला और उन्होंने नई त्रंगाला पंचायत में शामिल किए जाने के निर्णय का विरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने अपनी आपत्ति लिखित रूप में उपायुक्त को सौंप दी और आग्रह किया कि उन्हें दाड़वा पंचायत में ही रहने दिया जाए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर उनके साथ जबरदस्ती की गई तो वे सड़कों पर उतर कर विरोध करेंगे। इससे पहले भी जिला परिषद के वार्डों में पंचायतों के हेरफेर को लेकर लोगों ने विरोध जताया था और आपत्तियां उपायुक्त के पास दर्ज करवाई गई थीं। अब त्रंगाला पंचायत के गठन को लेकर दाड़वा पंचायत के लोग विरोध में हैं। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि लोगों की आपत्तियों पर पुनः कार्रवाई की जाएगी और उनका प्रतिनिधित्व ध्यान में रखा जाएगा।