डुमैहर पंचायत में क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन के दौरान खिलाड़ियों से मिलते विधायक संजयअवस्थी।
संवाद न्यूज एजेंसी
अर्की। विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उन्हें नशे से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह बात उन्होंने सोमवार को ग्राम पंचायत डुमैहर में शताब्दी नायक युवक मंडल की ओर से आयोजित 15 दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह अवसर पर कही। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 32 टीमों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। विजेता टीम सौरव इलेवन घनागुघाट को 51 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता टीम लुटरू महादेव इलेवन चम्यावल को 31 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दी। विधायक ने युवक मंडल लादी को 21 हजार रुपये, उज्ज्वल ग्राम संगठन डुमैहर के भवन के प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रुपये व महिला मंडल डुमैहर के भवन की मरम्मत के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मैदान के विस्तारीकरण के लिए आगामी बजट से एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कोट सुणी में वर्षा शालिका निर्माण कार्य की स्वीकृति भी दी। उन्होंने आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। विधायक ने इससे पूर्व लोक निर्माण विश्राम गृह अर्की में विधायक गांव के द्वार के तहत जन समस्याएं सुनीं और इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।