नालागढ़ में विधायक हरदीप बावा आमरण अनशन पर बैठे खिलाड़ियों को जूस पिला कर उनका अनशन तुड़वाते हुए-
दोनों खिलाड़ियों को ट्रायल के आधार पर कैंप में लेने का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। कबड्डी टीम में चयन न होने पर आमरण अनशन पर बैठे कबड्डी खिलाड़ियों का विधायक हरदीप सिंह बावा ने जूस पिला कर अनशन तुड़वा दिया है। पिछले पांच दिन से यह दोनों खिलाड़ी अनशन पर बैठे थे। बुधवार को अचानक इनकी तबीयत खराब होने से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। विधायक विधान सभा सत्र से सीधे नालागढ़ पहुंचे और इस बारे में कबड्डी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार बरागटा से फोन पर बात की और इन दोनों खिलाड़ियों को पिछले लिए ट्रायल के आधार पर कैंप में लेने की आग्रह किया जिस पर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने उनकी बात मान ली। इसके बाद विधायक ने संजीव ठाकुर व प्रीत चंदेल को जूस पिलाया। आमरण अनशन पर बैठे स संजीव ठाकुर व प्रीत चंदेल का आरोप था कि कांगड़ा जिले में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उन्हें नजर अंदाज कर अयोग्य और कम अंक वाले खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया। इस मौके पर नालागढ़ के एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया व खिलाड़ियों को प्रशंसक भी मौजूद रहे।