प्रशासन ने मांगी थी एडवांस अल्ट्रासाउंड मशीन, सरकार ने भेजा पुराना वर्जन
आधुनिक मशीन में होने से रोजाना होने थे बिना गर्म हुए 70 से 80 अल्ट्रासाउंड
मशीन को वापिस भेजने की तैयारी, दोबारा से भेजी जाएगी नई मशीन की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक का निर्माण कार्य जहां जोर-शोर से चल रहा है, वहीं सरकार की ओर से कई आधुनिक मशीनों को मंजूरी भी मिलनी शुरू हो गई है। इसी बीच क्षेत्रीय अस्पताल को नई अल्ट्रासाउंड मशीन मिली है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने जब मशीन की जांच की तो पता चला कि सरकार की ओर से अस्पताल को इसका छोटा वर्जन दिया गया है। प्रशासन ने इसके एडवांस वर्जन की मांग की थी।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मिली मशीन की टेस्ट क्षमता भी कम है। यह करीब दो दर्जन टेस्ट के बाद ही गर्म होने लग रही है। ऐसे में नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में इस मशीन का उपयोग करने पर अधिक मरीजों की जांच नहीं हो सकेंगी। इससे मरीजों को आधुनिक सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से भेजी गई मांग के अनुसार आधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन बिना गर्म हुए आसानी से 70 से 80 टेस्ट कर सकती है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब अस्पताल प्रशासन की ओर से सरकार को दूसरी मशीन की मांग भेजी जाएगी। नई मशीन मिलने के बाद उसकी भी जांच की जाएगी और संतुष्ट होने पर ही उसे सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में स्थापित किया जाएगा।
इनसेट
अभी दो आधुनिक मशीनों को मिली मंजूरी
क्षेत्रीय अस्पताल के कथेड़ में बन रहे नए सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक के लिए अब तक दो आधुनिक मशीनों को मंजूरी मिल चुकी है। इनमें एक एमआरआई और दूसरी मेमोग्राफी जांच के लिए आधुनिक एक्स-रे मशीन शामिल है। एमआरआई मशीन स्थापित होने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल सोलन जिले का पहला सरकारी अस्पताल होगा, जहां मरीजों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। वहीं, मेमोग्राफी मशीन की सुविधा मिलने से स्तन कैंसर के लक्षणों की शुरुआती स्तर पर जांच संभव हो सकेगी।
कोट
प्रशासन को मिली नई अल्ट्रासाउंड मशीन की जांच की गई है। यह मशीन कुछ टेस्ट के बाद ही गर्म हो रही है। ऐसे में सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में इसे लगाने से सीमित संख्या में ही मरीजों की जांच हो सकेगी। सरकार से अब दूसरी मशीन की मांग की जाएगी, ताकि मरीजों को आधुनिक मशीन की सुविधा मिल सके।
- डॉ. राकेश पंवार
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन